Breaking News
ठाणे: महाराष्ट्र में ठाणे लोकसभा सीट से शिवसेना (शिंदे गुट) के नरेश म्हस्के को टिकट दिए जाने से बीजेपी की नाराजगी सामने आई है। इस सीट के लिए बीजेपी ने बहुत जोर लगाया था, लेकिन टिकट शिंदे सेना को मिला। इस मामले में अब तक नवी मुंबई, ठाणे और मीरा-भाईंदर के कई पदाधिकारी इस्तीफा दे चुके हैं। ऐसे में सीएम एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार देर रात करीब 6 घंटे तक पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि म्हस्के के लिए जी-जान से काम करना है और महायुति में शामिल सभी दलों के साथ समन्वय बनाकर चलना है, ताकि किसी भी तरह ठाणे सीट शिंदे सेना ही जीते। संजय निरुपम के पार्टी में प्रवेश करने के कार्यक्रम के बाद वह ठाणे स्थित अपने घर पर ही रुके। इसी दौरान उन्होंने यह बैठक की।बताया जा रहा है कि बीजेपी की नाराजगी से म्हस्के को नुकसान हो सकता है। इसीलिए शिंदे कोई मौका नहीं गंवाना चाहते हैं और बीजेपी के साथ तालमेल बनाते हुए इस सीट पर आगे बढ़ना चाहते हैं।
शिवसेना (शिंदे गुट) के नरेश महस्के की उम्मीदवारी को लेकर नवी मुंबई, मीरा-भाईंदर और ठाणे के ओवाला माजीवाडा बीजेपी पदाधिकारी नाराज हैं और इस्तीफे दे रहे हैं। इससे निपटने के लिए मुख्यमंत्री शिंदे ने खुद मोर्चा संभाला है। संजय निरुपम की घर वापसी के बाद शिंदे ठाणे के पार्टी मुख्यालय आनंद आश्रम में डटे रहे। किसी भी तरह ठाणे सीट को जीतने के लिए उन्होंने कमर कसते हुए पार्टी के प्रमुख नेताओं और पदाधिकारियों के साथ मेगा बैठक की। यह बैठक देर रात तक चलती रही। बताया जा रहा है कि 6 घंटे से अधिक समय तक चली बैठक में शिंदे ने चुनावी तैयारी का जायजा लिया। इस दौरान, सभी 6 विधानसभा के हिसाब से रणनीति तैयार की गई। शिंदे ने बैठक में मौजूद सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से बिना कोई लापरवाही बरते काम पर लगने का आदेश दिया। उन्होंने पदाधिकारियों से सभी मित्र पक्षों के साथ समन्वय बनाने और उनकी नाराजगी किसी भी तरह दूर करने का निर्देश दिया।
शिंदे कोई मौका नहीं गवाना चाहते हैं। इस दिशा में वह दूसरी पार्टियों, खासकर उद्धव सेना के पदाधिकारियों, पूर्व नगरसेवकों को अपने खेमे में खींचने में लगे हैं। शनिवार को मुख्यमंत्री की मौजूदगी में ठाणे स्थित उनके आवास पर कल्याण की पूर्व नगरसेविका सहित उप जिला प्रमुख ने शिंदे शिवसेना का दामन थामा। इससे 3 दिन पहले यूबीटी शिवसेना के कल्याण-डोंबिवली के शहर प्रमुख सहित कई पदाधिकारियों ने शिंदे शिवसेना में प्रवेश किया था।
रिपोर्टर
The Reporter specializes in covering a news beat, produces daily news for Metro Dinank News
Metro Dinank